ग्राम पंचायत कोतो पहुंचे रामगढ़ उपायुक्त ऋतुराज, बिरहोर परिवारों की समस्याएं सुनीं

पतरातु/रामगढ़। रामगढ़ उपायुक्त Rituraj ने ग्राम पंचायत कोतो का दौरा कर क्षेत्र की विकास योजनाओं और जनसमस्याओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने उत्क्रमित विद्यालय डाडीडीह का निरीक्षण किया और विद्यालय में बच्चों की पढ़ाई, आधारभूत सुविधाओं तथा व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के बाद उपायुक्त बिरहोर कॉलोनी पहुंचे, जहां उन्होंने बिरहोर परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उपायुक्त के आगमन पर वरीय समाजसेवी एवं मुखिया प्रतिनिधि जय प्रकाश सिंह ननकी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

इस मौके पर जय प्रकाश सिंह ननकी ने पंचायत क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से उपायुक्त को अवगत कराया। उन्होंने बिरहोर परिवारों के लिए आवास, राशन, सड़क, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी मांगों को प्रमुखता से उठाया। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

दौरे के दौरान रामगढ़ डीडीसी आशीष अग्रवाल, प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार गुप्ता, सीओ मनोज चौरसिया, कल्याण विभाग से किरण कुमारी, प्रखंड खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी, पालु मुखिया पानो देवी, पंचायत सचिव साब्या कुमारी, अमरेन्द्र कुमार, पंचायत समिति सदस्य वीणा देवी, उप मुखिया उमा कुमारी सहित कई जनप्रतिनिधि, जेएसएलपीएस की सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।