तीन दिन से लापता युवती का शव उसरी नदी में मिला, इलाके में सनसनी

गिरिडीह शहरी क्षेत्र स्थित उसरी नदी के पुराने पुल के नीचे बुधवार सुबह एक 17 वर्षीय युवती का शव पानी में तैरता हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।

मृतका की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सिरिसिया निवासी योगेश दास की पुत्री पायल कुमारी के रूप में हुई है। बताया गया कि पायल इंटर की छात्रा थी।

परिजनों के अनुसार पायल सोमवार को घर से ट्यूशन पढ़ने और पढ़ाने के लिए निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने थाने में गुमशुदगी का आवेदन दिया था।

बुधवार को उसरी नदी में शव मिलने की सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।