पांडवेश्वर में उस समय राजनीतिक हलचल तेज हो गई जब ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस के जिला अध्यक्ष और पांडवेश्वर विधानसभा के पूर्व विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती पर आर्थिक धोखाधड़ी का गंभीर आरोप लगाया गया। गुरुवार को जुआल भांगा गांव निवासी खगेन्द्रनाथ मंडल ने पांडवेश्वर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायतकर्ता के अनुसार, सोनपुर बाजारी क्षेत्र में जमीन अधिग्रहण के बदले Eastern Coalfields Limited (ECL) में 15 लोगों को नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया गया था। आरोप है कि नौकरी की प्रक्रिया को तेज कराने के नाम पर पूर्व विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती ने करीब 30 लाख रुपये की मांग की थी।
खगेन्द्रनाथ मंडल का दावा है कि उन्होंने इलाके के 15 बेरोजगार युवाओं से लगभग 20 लाख रुपये एकत्र कर संबंधित लोगों को दिए थे, लेकिन न तो नौकरी मिली और न ही पैसे वापस किए गए।
फिलहाल मामले की शिकायत पांडवेश्वर पुलिस स्टेशन में दर्ज कर ली गई है और पुलिस जांच में जुट गई है। इस मामले को लेकर इलाके में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।
