धनबाद में जून में सजेगा कबड्डी का महाकुंभ, 13वीं राज्य सीनियर प्रतियोगिता की तैयारी तेज

धनबाद: झारखंड में कबड्डी प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। धनबाद में 5 से 7 जून तक 13वीं झारखंड राज्य सीनियर महिला एवं पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। राज्य स्तरीय इस प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों से करीब 40 से 45 टीमों के हिस्सा लेने की संभावना है। आयोजन को लेकर शनिवार को धनबाद स्थित डॉक्टर जेके सिन्हा मेमोरियल इंटरनेशनल School of Learning में प्रेस वार्ता आयोजित की गई।

झारखंड राज्य कबड्डी संघ के महासचिव संजय कुमार झा ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन बिरसा मुंडा पार्क के समीप स्थित स्कूल परिसर में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब तक करीब 19 टीमों ने अपना पंजीकरण करा लिया है और अन्य जिलों से भी लगातार आवेदन प्राप्त हो रहे हैं।

तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में महिला और पुरुष दोनों वर्गों के मुकाबले खेले जाएंगे। आयोजन समिति की ओर से खिलाड़ियों के ठहरने, सुरक्षा, भोजन और खेल मैदान की बेहतर व्यवस्था की जा रही है।

खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों में प्रतियोगिता को लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है। आयोजकों का कहना है कि यह प्रतियोगिता राज्य के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच प्रदान करेगी।