दुमका: ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रोमोशन सोसाइटी (JSLPS) की ओर से लगातार विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं। इसी कड़ी में शनिवार को दुमका जिले के रामगढ़ प्रखंड मुख्यालय में जेएसएलपीएस से जुड़ी महिलाओं के बीच ई-रिक्शा (टोटो) का वितरण किया गया।
यह वितरण जेएसएलपीएस की कम्युनिटी इन्वेस्टमेंट फंड (CIF) ऋण योजना के तहत किया गया। कार्यक्रम के दौरान चार सखी मंडल की महिलाओं को ई-रिक्शा उपलब्ध कराया गया, ताकि वे स्वरोजगार के माध्यम से अपनी आय बढ़ा सकें और परिवार को आर्थिक सहयोग दे सकें।
ई-रिक्शा पाने वाली महिलाओं में लखनपुर पंचायत की लीलमुनि हेम्ब्रम सहित अन्य सखी मंडल की दीदियां शामिल हैं। कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने कहा कि सरकार और जेएसएलपीएस का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
महिलाओं ने ई-रिक्शा मिलने पर खुशी जताई और कहा कि इससे उन्हें रोजगार का नया साधन मिलेगा तथा वे अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर सकेंगी।
