हरिद्वार: जिले में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि ग्रीष्मकालीन परिस्थितियों को लेकर सभी विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
चारधाम यात्रा और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन की ओर से रैन बसेरों में कूलर, पेयजल और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि बाहर से आने वाले यात्रियों को गर्मी के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इसके अलावा शहर के विभिन्न स्थानों पर बनाए गए पेयजल प्वाइंट्स को भी सुचारु रूप से संचालित किया जा रहा है। प्रशासन की ओर से स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की टीमों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अत्यधिक गर्मी के दौरान बेवजह घरों से बाहर निकलने से बचें और जरूरी होने पर ही बाहर जाएं। उन्होंने लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी।
प्रशासन की ओर से लगातार हालात पर नजर रखी जा रही है, ताकि गर्मी के कारण किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
