नालंदा: नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मघड़ा स्थित शीतला तालाब में गुरुवार की सुबह एक अज्ञात अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। तालाब में शव तैरता देख स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही दीपनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बिहारशरीफ भेज दिया गया।
दीपनगर थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि शव काफी समय तक पानी में रहने के कारण पूरी तरह सड़-गल चुका है। प्रथम दृष्टया अनुमान लगाया जा रहा है कि व्यक्ति की मौत करीब दो दिन पहले हुई होगी। मृतक की उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष के बीच बताई जा रही है, हालांकि उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
पुलिस मृतक की पहचान के लिए सोशल मीडिया और आसपास के थाना क्षेत्रों से संपर्क कर जानकारी जुटा रही है। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है।
TAG: #Nalanda #BiharSharif #DeepnagarPolice #Maghra #SheetlaTalab #UnidentifiedBody #NalandaNews #BiharNews #BreakingNews #CrimeNews #NationTVBhara
