देवरिया में बजाज ऑटो शोरूम का ताला तोड़कर पांच नई बाइक और नकदी चोरी

देवरिया में बजाज ऑटो शोरूम का ताला तोड़कर पांच नई बाइक और नकदी चोरी

देवरिया जिले के तरकुलवा थाना क्षेत्र में चोरों ने एक ऑटोमोबाइल शोरूम को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। अज्ञात बदमाश शोरूम का ताला तोड़कर पांच नई मोटरसाइकिलों के साथ नकदी भी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।जानकारी के अनुसार, देवरिया-कसया मार्ग स्थित ‘गणेश बजाज ऑटो सेल्स’ में बुधवार देर रात चोरों ने पीछे का ताला तोड़कर प्रवेश किया। शोरूम संचालक दीपक कुमार विश्वकर्मा के मुताबिक वह रोज की तरह शाम करीब सात बजे प्रतिष्ठान बंद कर घर चले गए थे।

गुरुवार सुबह जब वह शोरूम पहुंचे तो पीछे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जांच करने पर शोरूम और वर्कशॉप से पांच नई बजाज पल्सर मोटरसाइकिलें तथा नकदी गायब मिली। इसके बाद उन्होंने तत्काल तरकुलवा थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके। तरकुलवा थाना पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त हो गई है। घटनास्थल का निरीक्षण किया जा रहा है और मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीमों का गठन कर दिया गया है। जल्द ही चोरी की इस वारदात का पर्दाफाश करने का दावा किया जा रहा है।

देवरिया में बजाज ऑटो शोरूम का ताला तोड़कर पांच नई बाइक और नकदी चोरी