मधुबनी जिले के उसराही-देवधा इंडेन ग्रामीण वितरक गैस एजेंसी के खिलाफ उपभोक्ताओं का आक्रोश शुक्रवार को सड़क पर देखने को मिला। डीएसी नंबर के नाम पर गैस सिलेंडर की आपूर्ति में कथित देरी और ग्रामीण क्षेत्रों में समय पर गैस उपलब्ध नहीं होने के विरोध में भाकपा-माले के नेतृत्व में देवधा भगवती चौक पर विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया।
प्रदर्शन का नेतृत्व भाकपा-माले के देवधा एरिया कमेटी सचिव निजामुद्दीन अंसारी ने किया। इस दौरान दर्जनों उपभोक्ता गैस सिलेंडर, झंडा और बैनर के साथ प्रदर्शन में शामिल हुए तथा एजेंसी की कार्यप्रणाली के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि डीएसी नंबर की प्रक्रिया के नाम पर गैस वितरण में 50 से 60 दिनों तक की देरी की जा रही है, जिससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
सभा को संबोधित करते हुए भाकपा-माले के प्रखंड सचिव भूषण सिंह ने कहा कि रसोई गैस आज आम लोगों की मूल आवश्यकता बन चुकी है, लेकिन ग्रामीण उपभोक्ताओं के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि शहरी क्षेत्रों की तरह ग्रामीण इलाकों में भी अधिकतम 25 दिनों के भीतर गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
बढ़ते आक्रोश को देखते हुए देर शाम देवधा थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह आंदोलन स्थल पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। सम्मानजनक बातचीत के बाद आंदोलन को फिलहाल स्थगित कर दिया गया। भाकपा-माले ने चेतावनी दी है कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर व्यापक जनआंदोलन चलाया जाएगा।
