बोकारो पहुंचने पर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का भव्य स्वागत

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपने एक दिवसीय दौरे पर बोकारो पहुंचे, जहां पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। रांची से बोकारो आने के दौरान विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया।

नया मोड़ स्थित बिरसा चौक पर बड़ी संख्या में मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं और गुलदस्ते भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान नितिन नवीन वाहन से उतरकर कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे और उनसे मुलाकात कर उनका अभिवादन स्वीकार किया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने कहा कि नितिन नवीन के बोकारो दौरे से संगठन को नई ऊर्जा मिली है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से पहले नितिन नवीन झारखंड में प्रवास कर चुके हैं, जिससे उन्हें यहां के सामाजिक और राजनीतिक हालात के साथ-साथ संगठन की स्थिति की भी अच्छी जानकारी है।

भाजपा नेताओं ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में पार्टी झारखंड और बोकारो में और अधिक मजबूत होगी तथा आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करेगी। दौरे के दौरान संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं से संवाद पर विशेष जोर दिया गया।