विश्व साइकिल दिवस पर 110 बेटियों की साइकिल रैली, फिटनेस और हरियाली का दिया संदेश

विश्व साइकिल दिवस पर 110 बेटियों की साइकिल रैली, फिटनेस और हरियाली का दिया संदेश

नालंदा विश्व साइकिल दिवस 2026 के अवसर पर नालंदा जिले में भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। नालंदा जिला साइकिलिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित इस रैली में करीब 110 छात्राओं ने भाग लेकर फिटनेस, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

सौरे उच्च विद्यालय खेल मैदान से शुरू हुई यह रैली नीरपुर मोड़ तक निकाली गई। सुबह 6 बजे आरंभ हुई रैली में छात्राओं ने पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ हिस्सा लिया। लगभग डेढ़ घंटे तक चली इस रैली का समापन सुबह 7:30 बजे हुआ।

रैली के दौरान प्रतिभागियों ने नियमित व्यायाम, स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया। साथ ही “मिशन हरियाली” के तहत हर घर तक हरियाली पहुंचाने का संकल्प भी दोहराया गया।

कार्यक्रम का नेतृत्व प्रमोद कुमार ने किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्तर के साइकिलिस्ट एवं गोल्ड मेडलिस्ट कन्हैया कुमार सहित रवि कुमार, रजनी कुमारी, नीतू प्रीतम, अनिल कुमार और रिंकू कुमारी ने भी अपनी सहभागिता निभाई।

आयोजकों ने कहा कि साइकिल न केवल एक पर्यावरण-अनुकूल परिवहन साधन है, बल्कि यह बेहतर स्वास्थ्य और शारीरिक फिटनेस बनाए रखने का भी प्रभावी माध्यम है। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को साइकिल खेलों के प्रति प्रेरित करना तथा नियमित शारीरिक गतिविधियों को जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रोत्साहित करना था।

रैली में शामिल छात्राओं ने “साइकिल चलाएं – फिट रहें, स्वस्थ रहें, भारत को सशक्त बनाएं” और “हर घर हरियाली” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।

विश्व साइकिल दिवस पर 110 बेटियों की साइकिल रैली, फिटनेस और हरियाली का दिया संदेश