गोंडा में राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा की बैठक, भाजपा सरकार पर जमकर बरसे अलंकार अग्निहोत्री

गोंडा में राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा की बैठक, भाजपा सरकार पर जमकर बरसे अलंकार अग्निहोत्री

गोंडा राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (राम) की जिला कार्यकारिणी बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अलंकार अग्निहोत्री ने भाजपा सरकार पर कई मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी आगामी चुनावों में जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर मैदान में उतरेगी और संगठन विस्तार पर विशेष जोर देगी।

बैठक को संबोधित करते हुए अलंकार अग्निहोत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने जल जीवन मिशन, महंगाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे मुद्दों को उठाते हुए सरकार की कार्यशैली की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि जल जीवन मिशन के तहत बड़े स्तर पर अनियमितताएं हुई हैं और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि भविष्य में किसी राजनीतिक दल की ओर से गठबंधन का प्रस्ताव आता है तो पार्टी उस पर विचार करेगी।

बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत बनाने की रणनीति पर चर्चा की गई। अलंकार अग्निहोत्री ने कहा कि पार्टी ब्लॉक, तहसील और पंचायत स्तर तक अपने संगठन को मजबूत करेगी तथा अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को जोड़ने का अभियान चलाएगी।

उन्होंने कहा कि पार्टी का मुख्य एजेंडा रोटी, कपड़ा, मकान, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे जनसरोकार के मुद्दे हैं। इन्हीं विषयों को लेकर पार्टी जनता के बीच जाएगी और अपनी राजनीतिक रणनीति तैयार करेगी।

बैठक में कविता तिवारी, संजय कुमार पाठक, अनीश तिवारी, करण देव मिश्रा, रामेश्वर नाथ तिवारी, यशवंत मिश्रा, योगेश कुमार बाजपेई, ओमप्रकाश तिवारी, एस.एन. पाठक, उदय प्रताप तिवारी, एडवोकेट अतुल पाठक और अभिषेक तिवारी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में अलंकार अग्निहोत्री ने कहा कि उनकी पार्टी जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रखेगी और आगामी चुनावों में मजबूती के साथ जनता के बीच जाएगी।

गोंडा में राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा की बैठक, भाजपा सरकार पर जमकर बरसे अलंकार अग्निहोत्री