डुमरांव अस्पताल की बदइंतजामी उजागर: बिजली-जेनरेटर फेल, MNCU के बाहर नवजातों का इलाज करते दिखे डॉक्टर

डुमरांव अस्पताल की बदइंतजामी उजागर: बिजली-जेनरेटर फेल, MNCU के बाहर नवजातों का इलाज करते दिखे डॉक्टर

बक्सर जिले के डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल से सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोलने वाला एक वीडियो सामने आया है। वायरल वीडियो में मदर एंड न्यूबॉर्न केयर यूनिट (MNCU) में भर्ती दो नवजात बच्चों का इलाज यूनिट के गेट के बाहर किया जाता दिखाई दे रहा है।

वीडियो में परिजन और महिलाएं हाथ से पंखा झलकर नवजातों को हवा करती नजर आ रही हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार अस्पताल में बिजली गुल थी और जेनरेटर भी काम नहीं कर रहा था। गर्मी और उमस के कारण MNCU के अंदर बच्चों को रखना मुश्किल हो गया, जिसके बाद डॉक्टरों ने मजबूरी में बाहर इलाज शुरू किया।

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब नवजात शिशुओं की देखभाल के लिए बनी संवेदनशील यूनिट में ही बिजली बैकअप की व्यवस्था नहीं है, तो अन्य मरीजों की स्थिति क्या होगी।

हालांकि प्रशासन की ओर से बिजली कटौती या जेनरेटर खराब होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। मामले के तूल पकड़ने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जांच कराने की बात कही है।

डुमरांव अस्पताल की बदइंतजामी उजागर: बिजली-जेनरेटर फेल, MNCU के बाहर नवजातों का इलाज करते दिखे डॉक्टर