मोकामा पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत मोकामा थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब औंटा हॉल्ट के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-31 (NH-31) के किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया।
स्थानीय लोगों द्वारा दी गई सूचना पर मोकामा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों से पूछताछ कर शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिससे मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मृतक की पहचान होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
