मधुबनी भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) जयनगर और जयनगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने एक तस्कर को 5.100 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है।
प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार सुबह करीब 6:05 बजे एसएसबी की एफ कंपनी कमला, सीमा चौकी बेतौन्हा तथा जयनगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जयनगर रेलवे स्टेशन के समीप विशेष अभियान चलाया। यह कार्रवाई सीमा स्तंभ संख्या 271/WP-1 से लगभग 1.7 किलोमीटर की दूरी पर की गई।
अभियान के दौरान भारतीय नागरिक महेश यादव को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 5.100 किलोग्राम संदिग्ध गांजा और एक मोटोरोला G45 5G मोबाइल फोन बरामद किया गया। बरामद पदार्थ की प्रारंभिक जांच ड्रग डिटेक्शन किट से की गई। अभियान में डॉग स्क्वाड और ड्रोन की भी मदद ली गई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गांजा नेपाल के सिराहा जिले से लेकर आया था और उसे बेचने के लिए हैदराबाद ले जा रहा था।
एसएसबी ने बरामद गांजा, मोबाइल फोन और गिरफ्तार आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जयनगर थाना को सौंप दिया है। पुलिस द्वारा मामले में एनडीपीएस अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
एसएसबी अधिकारियों ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और भविष्य में भी ऐसे संयुक्त ऑपरेशन प्रभावी ढंग से संचालित किए जाएंगे।
