झारखंड के गिरिडीह जिले से एक बड़ी दुर्घटना की खबर सामने आई है। हीरोडीह थाना क्षेत्र के मेहराडीह गांव में शादी समारोह के दौरान अचानक लेंटर की छत गिर जाने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 30 से 40 लोगों के घायल होने की सूचना है, जबकि 10 से 15 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार मेहराडीह गांव में एक घर में शादी समारोह चल रहा था। इसी दौरान बड़ी संख्या में लोग समारोह में मौजूद थे कि अचानक लेंटर की छत भरभराकर नीचे गिर गई। छत गिरते ही वहां चीख-पुकार मच गई और कई लोग मलबे में दब गए।
घटना की सूचना मिलते ही हीरोडीह थाना पुलिस एवं स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों की मदद से मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
प्रशासन के अनुसार घायलों में कई लोगों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। सभी का इलाज जारी है। घटना के बाद शादी वाले परिवार में खुशियों का माहौल पलभर में मातम में बदल गया।
फिलहाल प्रशासन हादसे के कारणों की जांच में जुटा हुआ है। वहीं राहत और बचाव कार्य जारी है।
