(पूर्वी चंपारण) पताही प्रखंड क्षेत्र के सरैया गोपाल पंचायत के वार्ड संख्या-9 में प्रशासन ने सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 अवैध कब्जों को हटाया। प्रशासन की इस कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
जानकारी के अनुसार, सरैयागोपाल गांव में वर्षों से सरकारी भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर बनाए गए निर्माणों को हटाने के लिए प्रशासनिक टीम सुबह ही मौके पर पहुंच गई। अंचलाधिकारी नाजनी अकरम के नेतृत्व में जेसीबी मशीनों की मदद से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई।
कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिससे पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के बीच एक-एक कर अवैध निर्माणों को हटाया।
अधिकारियों के अनुसार संबंधित लोगों को पूर्व में नोटिस जारी कर सरकारी भूमि खाली करने का निर्देश दिया गया था। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद प्रशासन ने यह कार्रवाई की।
स्थानीय प्रशासन का कहना है कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान आगे भी जारी रहेगा और सार्वजनिक संपत्तियों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुटी रही। प्रशासन ने लोगों से सरकारी जमीन पर किसी प्रकार का अवैध निर्माण या कब्जा नहीं करने की अपील की है।
