हड़तालियों का आरोप- विकास का नहीं, अन्याय का कर रहे हैं विरोध

 शिवहर जिले के पिपराही प्रखंड क्षेत्र के बेलवा घाट स्थित हनुमान मंदिर प्रांगण में सड़क निर्माण के नक्शे में कथित बदलाव के विरोध में चल रही अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल के दौरान एक युवक की तबीयत बिगड़ गई। समाजसेवी रंजन चौधरी के नेतृत्व में सोमवार से शुरू हुई यह भूख हड़ताल लगातार जारी है।

हड़ताल पर बैठे लोगों का कहना है कि वे विकास कार्यों के विरोधी नहीं हैं, लेकिन प्रशासनिक मनमानी और अन्याय को स्वीकार नहीं करेंगे। प्रदर्शनकारियों ने पथ निर्माण विभाग और भूअर्जन कार्यालय शिवहर पर मनमानी करने तथा अपने पद का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है।

भीषण गर्मी के बीच भूख हड़ताल पर बैठे लोगों ने बताया कि वे अपनी समस्याओं को लेकर कई बार संबंधित कार्यालयों का चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन उनकी बात सुनने वाला कोई नहीं है। उनका कहना है कि अधिकारी न तो उनकी शिकायतों पर ध्यान दे रहे हैं और न ही उन्हें संतोषजनक जवाब मिल रहा है।

प्रदर्शनकारियों के अनुसार सड़क निर्माण के लिए तैयार किए गए नक्शे में बदलाव कर कुछ लोगों के हित में निर्णय लिया गया है, जिससे स्थानीय लोगों को नुकसान उठाना पड़ सकता है। इसी के विरोध में वे शांतिपूर्ण तरीके से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल कर रहे हैं।

हड़ताल के दौरान समाजसेवी रंजन चौधरी की तबीयत बिगड़ने के बाद समर्थकों में चिंता बढ़ गई है। बावजूद इसके प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया जाएगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

फिलहाल प्रशासन की ओर से कोई ठोस आश्वासन नहीं मिलने के कारण क्षेत्र में आंदोलन को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।