अंधेरे और कच्चे रास्ते का फायदा उठाकर फरार हुए तस्कर, बाइक भी जब्त

नालंदा जिले में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बेना थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने 90 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद की है। हालांकि तस्कर अंधेरे और कच्चे रास्ते का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहे।

बेना थाना अध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि पैठना मलविघा खंध स्थित पावर हाउस के समीप कच्ची मलंग इलाके से शराब की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में छापेमारी अभियान शुरू कर दिया।

छापेमारी के दौरान पुलिस को देखकर बाइक सवार शराब कारोबारी भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा भी किया, लेकिन अंधेरे और दुर्गम कच्चे रास्तों का लाभ उठाकर तस्कर फरार हो गए। हालांकि भागने की जल्दबाजी में वे शराब की खेप और बाइक छोड़ गए।

तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके से कुल 90 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद की। इसके साथ ही शराब ढोने में इस्तेमाल की जा रही एक बाइक को भी जब्त कर लिया गया है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि बरामद शराब और बाइक को कब्जे में लेकर जब्ती सूची तैयार की गई है। फरार तस्करों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि जिले में शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।