ऊधम सिंह नगर पंतनगर विश्वविद्यालय के पटेल भवन छात्रावास में फूड प्वाइजनिंग का बड़ा मामला सामने आया है। स्पेशल डाइट में परोसे गए चिकन और पनीर का सेवन करने के बाद कई दर्जन छात्र बीमार पड़ गए। अचानक छात्रों की तबीयत बिगड़ने से छात्रावास और विश्वविद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार पटेल भवन में इंजीनियरिंग द्वितीय वर्ष के लगभग 185 छात्र रहते हैं। बुधवार रात मेस में भोजन करने के कुछ समय बाद करीब 150 छात्रों को उल्टी, पेट दर्द और अन्य स्वास्थ्य संबंधी शिकायतें होने लगीं। इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
बीमार छात्रों को तीन एंबुलेंस और बसों के माध्यम से विश्वविद्यालय चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। अधिकांश छात्रों की हालत में सुधार होने के बाद उन्हें वापस छात्रावास भेज दिया गया। हालांकि पांच छात्रों की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती रखा गया है।
छात्रों का आरोप है कि मेस संचालक भोजन तैयार करने में घटिया और गुणवत्ता विहीन खाद्य सामग्री का इस्तेमाल करता है। उनका कहना है कि भोजन की गुणवत्ता को लेकर पहले भी शिकायतें की गई थीं, लेकिन इस दिशा में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
घटना के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग मामले की जांच में जुट गया है। भोजन के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं ताकि फूड प्वाइजनिंग के कारणों का पता लगाया जा सके।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों के स्वास्थ्य पर नजर बनाए रखने और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं अभिभावकों ने भी मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।
