नैनीताल विश्व प्रसिद्ध Kainchi Dham मेले को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। हर वर्ष देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन और आशीर्वाद के लिए कैंची धाम पहुंचते हैं। मेले के दौरान सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है, जिसके लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। जिलाधिकारी नैनीताल ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि बाबा के दर्शन मार्ग और मुख्य यातायात मार्गों पर किसी भी प्रकार का भंडारा वितरण नहीं किया जाएगा। उनका कहना है कि सड़क किनारे या मुख्य मार्गों पर भंडारा लगाने से श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती है, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और जाम की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
जिलाधिकारी ने कहा कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए सभी आयोजकों और सामाजिक संगठनों को निर्धारित नियमों का पालन करना होगा।
उन्होंने चेतावनी दी कि बिना अनुमति के सार्वजनिक मार्गों या दर्शन पथ पर भंडारा लगाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही संबंधित अधिकारियों को मेले के दौरान लगातार निगरानी रखने और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि वे निर्धारित यातायात नियमों का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि मेले का आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
हर वर्ष आयोजित होने वाले इस मेले में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, जिसे देखते हुए इस बार भी सुरक्षा, पार्किंग, ट्रैफिक और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
