गोलीकांड और हत्याओं के खुलासे की मांग, पुलिस पर अपराध नियंत्रण में विफल रहने का आरोप

 समस्तीपुर जिले के ताजपुर में लगातार बढ़ रही हत्या, लूट और गोलीबारी की घटनाओं को लेकर लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। बिहार राज्य व्यवसाई संघ और भाकपा (माले) ने अपराधियों पर लगाम लगाने में पुलिस की कथित विफलता के विरोध में 22 जून को ताजपुर थाना घेराव करने की घोषणा की है।

राजधानी चौक स्थित किराना व्यवसायी नरेश चौधरी को गोली मारकर घायल करने की घटना के बाद नेताओं ने उनसे मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान व्यवसाई संघ के नेताओं ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

व्यवसाई संघ के नेता मो. एजाज ने कहा कि राजधानी चौक के किराना व्यवसायी नरेश चौधरी को गोली मारने वाले अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से व्यापारियों और आम लोगों में भय का माहौल है।

वहीं नेता प्रभात रंजन गुप्ता ने मोटरसाइकिल मिस्त्री संजीव सहनी हत्याकांड (कांड संख्या 98/26) का शीघ्र उद्भेदन करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि पुलिस अब तक कई मामलों का खुलासा करने में असफल रही है।

व्यवसाई संघ और माले नेताओं ने आरोप लगाया कि ताजपुर में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं, जबकि पुलिस अपराध नियंत्रण में प्रभावी भूमिका निभाने में विफल साबित हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अपराधियों की गिरफ्तारी और मामलों का खुलासा नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

22 जून को प्रस्तावित थाना घेराव में बड़ी संख्या में व्यवसायियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।