उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में पंचायत चुनाव की प्रकाशित मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी सामने आने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। शुक्रवार को जिले के विभिन्न गांवों के ग्रामीण जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन के कार्यालय पहुंचे और सैकड़ों जीवित लोगों के नाम मतदाता सूची से काटे जाने की शिकायत दर्ज कराई।
ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत चुनाव की मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद पता चला कि बड़ी संख्या में पात्र और जीवित मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए गए हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित उपजिलाधिकारियों (एसडीएम) से रिपोर्ट तलब कर जांच के निर्देश दिए हैं।
विकास खंड कर्नलगंज की ग्राम पंचायत शीशामऊ में चार सौ से अधिक लोगों के नाम मतदाता सूची से गायब पाए गए हैं। इस संबंध में बलराम द्विवेदी, बृजेश पाठक, अशोक कुमार और माधुरी सोनी सहित कई ग्रामीणों ने डीएम से मिलकर शिकायत की और जल्द सुधार की मांग की।
वहीं हलधरमऊ ब्लॉक की ग्राम पंचायत कपूरपुर से भी इसी प्रकार की शिकायत सामने आई है। ग्रामीणों का कहना है कि बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम सूची से हट जाने के कारण पंचायत चुनाव में उनके मतदान के अधिकार पर संकट उत्पन्न हो गया है।
जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने मांग की है कि पात्र मतदाताओं के नाम तत्काल सूची में जोड़े जाएं ताकि पंचायत चुनाव में कोई भी व्यक्ति अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
