राशन कार्ड रद्द किए जाने के खिलाफ खेग्रामस-माले का विरोध मार्च, पुनः जांच की मांग

समस्तीपुर जिले के ताजपुर प्रखंड में बड़ी संख्या में राशन कार्ड रद्द किए जाने के विरोध में शनिवार को खेग्रामस और भाकपा (माले) के नेतृत्व में मोतीपुर गांव में विरोध मार्च निकाला गया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गरीब परिवारों के राशन कार्ड पुनः बहाल करने की मांग की।

जानकारी के अनुसार, ताजपुर प्रखंड में 3867 राशन कार्ड रद्द किए जाने से बड़ी संख्या में गरीब परिवार प्रभावित हुए हैं। इसी के विरोध में आयोजित मार्च में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ ग्रामीणों ने भी हिस्सा लिया और आपूर्ति विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाए।

मार्च को संबोधित करते हुए भाकपा (माले) के प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि बड़ी संख्या में गरीब, मजदूर और जरूरतमंद लोगों के राशन कार्ड रद्द कर दिए गए हैं, जिससे उनके समक्ष खाद्यान्न संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है। उन्होंने मांग की कि आपूर्ति पदाधिकारी रद्द किए गए राशन कार्डों की पुनः जांच शुरू करें और पात्र लाभुकों का कार्ड तत्काल बहाल किया जाए।

खेग्रामस नेता ललन दास ने कहा कि राशन बंद होने से गरीब परिवारों के सामने भूखमरी की स्थिति पैदा हो सकती है। उन्होंने सरकार से जनवितरण प्रणाली को मजबूत करने और गरीबों के अधिकारों की रक्षा करने की मांग की।

वहीं माले नेता प्रभात रंजन गुप्ता ने कहा कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही हत्या और अपराध की घटनाओं के खिलाफ 22 जून को ताजपुर थाना का घेराव किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में इस कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान किया।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि राशन कार्ड बहाली और अन्य मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।