गिरिडीह जिले के हीरोडीह थाना क्षेत्र की एक महिला ने कुछ लोगों पर घर में घुसकर गाली-गलौज, पत्थरबाजी और तोड़फोड़ करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। मामले को लेकर पीड़िता ने हीरोडीह थाना में लिखित आवेदन दिया है।
जानकारी के अनुसार, गयकुरो गांव निवासी 35 वर्षीय रेखा देवी, पति जागेश्वर राय ने आरोप लगाया है कि गांव के कुछ लोग देर रात करीब 12:30 बजे उनके घर पहुंचे और अभद्र व्यवहार करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की तथा घर पर पत्थरबाजी शुरू कर दी।
पीड़िता का कहना है कि आरोपियों ने उनके घर की बाउंड्रीवॉल को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इतना ही नहीं, उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना के समय वह अपने 10 वर्षीय पुत्र के साथ घर में अकेली थीं, जबकि उनके पति मजदूरी के सिलसिले में बाहर रहते हैं।
रेखा देवी ने आरोप लगाया कि उनके अकेले रहने का फायदा उठाकर आरोपियों ने इस घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद वह और उनका पुत्र काफी डरे हुए हैं।
मामले की सूचना मिलने के बाद हीरोडीह थाना पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल है और पीड़ित परिवार प्रशासन से सुरक्षा एवं न्याय की मांग कर रहा है।
