17 जून को महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के खिलाफ राजद का जिलास्तरीय धरना

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की प्रदेश इकाई के आह्वान पर राज्य में बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार तथा पेट्रोल, डीजल और घरेलू रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के विरोध में 17 जून को बिहार के सभी जिला मुख्यालयों पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इसको लेकर बिहार सरकार के पूर्व विधि मंत्री एवं वरिष्ठ राजद नेता डॉ. शमीम अहमद ने आम लोगों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।

डॉ. शमीम अहमद ने कहा कि वर्तमान समय में आम जनता महंगाई और बेरोजगारी से त्रस्त है, जबकि भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जनहित के इन मुद्दों को लेकर राजद पूरे राज्य में लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करेगा।

उन्होंने किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा जनसरोकार से जुड़े सभी लोगों से 17 जून को आयोजित जिलास्तरीय धरना-प्रदर्शन में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन जनता की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने और उनके समाधान की मांग को लेकर आयोजित किया जा रहा है।

राजद नेताओं के अनुसार, धरना-प्रदर्शन के दौरान महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और बढ़ती ईंधन कीमतों समेत कई जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।