नालंदा जिले के छबीलापुर थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य लोग घायल हो गए। हादसा साइडपर स्थित के.के. पॉलिटेक्निक कॉलेज के समीप उस समय हुआ, जब राजगीर के राजकीय मलमास मेले से दर्शन और कुंड स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरे सीएनजी टेंपो की सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से भीषण टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में एक महिला, एक पुरुष और एक मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक व्यक्ति नालंदा जिले का निवासी बताया जा रहा है, जबकि दो अन्य मृतक गया जिले के रहने वाले थे।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को टेंपो से बाहर निकालकर इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। घायलों में कई की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
सूचना मिलते ही छबीलापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
