समस्तीपुर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हत्या के प्रयास के मामलों में फरार चल रहे दो नामजद अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी संबंधित थानों की पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान के दौरान की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, विद्यापतिनगर थाना पुलिस ने कांड संख्या 126/26 में दर्ज हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे अभियुक्त अमन साह को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी बिरेंद्र प्रसाद साह उर्फ सुमन साह का पुत्र है और मऊ बाजार, थाना विद्यापतिनगर, जिला समस्तीपुर का निवासी है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था।
वहीं, सरायरंजन थाना पुलिस ने कांड संख्या 100/26 में दर्ज हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे नामजद अभियुक्त अमरजीत पुरी को गिरफ्तार किया है। वह अनिल पुरी का पुत्र एवं रायपुर बुजुर्ग, थाना सरायरंजन, जिला समस्तीपुर का निवासी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों अभियुक्तों की गिरफ्तारी गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी के दौरान हुई। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत अदालत में प्रस्तुत करने की कार्रवाई की जा रही है।
समस्तीपुर पुलिस ने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और फरार आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
