बाघमारा पुलिस ने 12 घंटे में सुलझाई हत्या की गुत्थी, एक आरोपी गिरफ्तार

धनबाद बाघमारा अनुमंडल पुलिस ने महुदा थाना क्षेत्र में हुई एक सनसनीखेज हत्या के मामले का महज 12 घंटे के भीतर उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

बाघमारा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजित कुमार विमल ने सोमवार को महुदा थाना में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 13 जून 2026 की शाम महुदा पुलिस को सूचना मिली थी कि कुलटांड जाने वाले मार्ग पर एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है, जिसका सिर धड़ से अलग था।

सूचना मिलते ही महुदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान महुदा थाना क्षेत्र के भुरुंगिया बस्ती निवासी 65 वर्षीय हलीम शेख के रूप में हुई। घटना के बाद मृतक के दामाद शेख मुहम्मद ने महुदा थाना में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराते हुए न्याय की मांग की थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बाघमारा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या की गुत्थी को महज 12 घंटे के भीतर सुलझा लिया।

पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि जल्द ही मामले में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।