मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर हरिहरपुर एवं तोपचांची थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर तोपचांची अंचल अधिकारी नीलू टुडू, विधायक प्रतिनिधि जगदीश चौधरी, सांसद प्रतिनिधि हनी नारंग सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
बैठक में मुहर्रम पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आपसी भाईचारा कायम रखने तथा सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें।
एसडीपीओ अजीत कुमार विमल ने उपस्थित लोगों से मुहर्रम जुलूस को पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुरूप शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। पर्व के दौरान आपसी समन्वय और सहयोग बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया। सभी ने एक स्वर में मुहर्रम पर्व को शांति, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाने का संकल्प लिया।
शांति समिति की इस बैठक के माध्यम से प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि पर्व के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन और जनता के आपसी सहयोग से मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की तैयारी की जा रही है।
