मधुबनी आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से मधुबनी जिले के खुटौना प्रखंड की कारमेघ उत्तरी पंचायत में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी आनंद शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने भाग लिया और शिविर का निरीक्षण किया।
कारमेघ उत्तरी पंचायत स्थित ललित नारायण जनता +2 उच्च विद्यालय, लौकहा में आयोजित सहयोग शिविर का शुभारंभ जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा लोगों द्वारा जमा किए गए आवेदनों और शिकायतों का अवलोकन किया।
अधिकारियों ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को शीघ्र राहत मिल सके। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं दर्ज कराईं और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। सहयोग शिविर के माध्यम से प्रशासन लोगों के द्वार तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करने का प्रयास कर रहा है।
शिविर में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, आपूर्ति सहित कई विभागों के स्टॉल लगाए गए थे, जहां लोगों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ आवश्यक सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
प्रशासन का मानना है कि ऐसे सहयोग शिविरों से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को सरकारी सेवाओं का लाभ आसानी से मिल रहा है और प्रशासन तथा जनता के बीच संवाद भी मजबूत हो रहा है।
