भारत-नेपाल सीमा पर गांजे की बड़ी खेप बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार

मोतिहारी भारत-नेपाल सीमा से सटे झरोखर थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है सशस्त्र सीमा बल (SSB) और झरोखर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मादक पदार्थ गांजे की बड़ी खेप बरामद की गई है और एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।

सूचना के आधार पर SSB और झरोखर पुलिस ने सीमा क्षेत्र में सघन नाकेबंदी की थी। इसी दौरान नेपाल की ओर से कुछ संदिग्ध लोग पीठ पर बोरे लेकर भारतीय सीमा में प्रवेश करते दिखाई दिए। जवानों द्वारा रुकने का इशारा किए जाने पर तस्कर घबरा गए और गांजे से भरे बोरे फेंककर भागने लगे।

सुरक्षाबलों ने पीछा कर एक तस्कर को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि अन्य आरोपी फरार होने में सफल रहे। बरामद गांजे की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।

गिरफ्तार तस्कर से पूछताछ की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क और अन्य संलिप्त लोगों का पता लगाया जा सके। पुलिस और एसएसबी की टीम फरार तस्करों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

अधिकारियों ने बताया कि सीमा पार मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी और गश्त बढ़ा दी गई है।