जमशेदपुर में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पूर्वी सिंहभूम जिला समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में चुनाव आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम पर चर्चा करते हुए पार्टी नेताओं ने मतदाता सूची से किसी भी योग्य मतदाता का नाम नहीं कटने देने का संकल्प लिया।
मंगलवार को कदमा उलियान स्थित शहीद निर्मल महतो सामुदायिक भवन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता झामुमो जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने की। बैठक में SIR कार्यक्रम को लेकर चुनाव आयोग की प्रक्रिया, पार्टी की आपत्तियों और सुझावों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए विक्टर सोरेन ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान किसी भी योग्य मतदाता का नाम मतदाता सूची से न हटे, यह सुनिश्चित करना पार्टी के सभी पदाधिकारियों, बूथ अध्यक्षों, बूथ लेवल एजेंटों और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर मतदाता सूची का सत्यापन करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि आगामी 30 जून से शुरू होने वाले SIR के अगले चरण से पहले कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाताओं की स्थिति की जांच करें तथा यदि किसी मतदाता का नाम सूची से हटने की आशंका हो तो समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और मतदाताओं को जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।
