दिल्ली-कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक चलती स्कॉर्पियो कार में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कार में सवार लोगों को अपनी जान बचाने के लिए तत्काल वाहन से बाहर कूदना पड़ा। देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग की लपटों में घिर गई और सड़क के बीचोंबीच धू-धू कर जलने लगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो कार कोलकाता की ओर से आ रही थी। इसी दौरान वाहन से अचानक धुआं निकलने लगा और कुछ ही क्षणों में आग की लपटें उठने लगीं। कार में चार से पांच लोग सवार थे, जिन्होंने सूझबूझ का परिचय देते हुए समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
आग लगने के बाद कार में रखे ज्वलनशील सामान और ईंधन टैंक के कारण 5 से 6 बार जोरदार धमाके भी हुए, जिससे आसपास मौजूद लोग सहम गए। धमाकों की आवाज दूर तक सुनाई दी और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
बीच सड़क पर वाहन में लगी आग के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया और कुछ समय के लिए लंबा जाम लग गया। सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस एवं अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
हालांकि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन स्कॉर्पियो कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी को आग लगने का संभावित कारण माना जा रहा है। पुलिस और अग्निशमन विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।
घटना के बाद कुछ देर तक एनएच-19 पर यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया।
