देवरिया, 19 जून जनपद में अपराध नियंत्रण और वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत तरकुलवा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी की तीन मोटरसाइकिलों के साथ एक बाल अपचारी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पाण्डेय एवं क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी के पर्यवेक्षण में 17 जून की रात थाना तरकुलवा पुलिस क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ युवक चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ ग्राम मदारीपट्टी जंगल स्थित मैनपुर नदी पुल के पास मौजूद हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर विशाल मद्धेशिया (22 वर्ष), बृजेश गुप्ता (19 वर्ष) तथा एक बाल अपचारी को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से बरामद बिना नंबर की सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल की जांच की गई, जो थाना तरकुलवा में दर्ज मुकदमा संख्या 186/2026, धारा 303(2) बीएनएस से संबंधित चोरी की बाइक निकली।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने वाहन चोरी की अन्य घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने दो अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद कर लीं। इस तरह कुल तीन चोरी की बाइक बरामद की गई हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी सुनसान स्थानों और सार्वजनिक जगहों पर खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाते थे। चोरी के बाद वाहनों को कम कीमत पर बेचने की तैयारी की जा रही थी। बरामद वाहनों को कब्जे में लेकर पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि बाल अपचारी को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई को वाहन चोरी की घटनाओं के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
