बिंदुखत्ता राजस्व ग्राम दावे की स्वीकृति के दो वर्ष पूरे

लालकुआँ क्षेत्र के बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम घोषित किए जाने के दावे की स्वीकृति के ऐतिहासिक दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर 19 जून को भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वनाधिकार संगठन बिंदुखत्ता की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में सुंदरकांड पाठ, पूजा-अर्चना एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

इस संबंध में संगठन से जुड़े पदाधिकारियों ने पत्रकार वार्ता कर कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 19 जून 2024 को जिलास्तरीय वनाधिकार समिति द्वारा बिंदुखत्ता राजस्व ग्राम के दावे को आधिकारिक स्वीकृति प्रदान की गई थी। यह दिन बिंदुखत्ता क्षेत्र के लोगों के लंबे संघर्ष और वर्षों की मांग की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में दर्ज है।

संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि इस ऐतिहासिक उपलब्धि की दूसरी वर्षगांठ को उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत सुबह से धार्मिक अनुष्ठान शुरू होंगे, जिसके बाद सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा। वहीं, दोपहर में विशाल भंडारे का आयोजन कर क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा।

वनाधिकार संगठन ने बिंदुखत्ता और आसपास के क्षेत्रों के लोगों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस ऐतिहासिक अवसर के सहभागी बनने की अपील की है। संगठन का कहना है कि यह आयोजन केवल उत्सव नहीं, बल्कि क्षेत्र के लोगों के संघर्ष, एकता और अधिकारों की जीत का प्रतीक है।

कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और आयोजन स्थल पर व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।