पुलिस-बदमाश मुठभेड़ में एक घायल, दूसरा फरार; पुलिस की कॉम्बिंग जारी

हरिद्वार जिले के थाना भगवानपुर क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की विशेष टीमें लगातार कॉम्बिंग अभियान चला रही हैं।

पुलिस के अनुसार, थाना भगवानपुर पुलिस की टीम यूपी बॉर्डर क्षेत्र में जोनल चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सरकारी वाहन से गश्त करते हुए पुलिसकर्मियों को ग्राम बंजारा वाला की ओर से दो संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार आते दिखाई दिए। पुलिस ने दोनों को रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपियों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर दिया।

बताया गया कि बदमाशों ने पुलिसकर्मियों पर तमंचे से फायरिंग कर दी। हालांकि पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। वहीं दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया।

घायल बदमाश को पुलिस ने हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। पूछताछ में उससे उसके आपराधिक इतिहास और फरार साथी के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और अन्य सामान भी बरामद किया है।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने मुठभेड़ में शामिल टीम की सतर्कता और साहस की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।