निरसा चापापुर JCP की ब्लास्टिंग से धंसी सड़क, ग्रामीणों ने बंद कराया ओसीपी का काम

धनबाद के निरसा क्षेत्र स्थित चापापुर ओसीपी में हो रही ब्लास्टिंग का असर अब ग्रामीणों की परेशानी बढ़ाने लगा है। गोपालगंज से बेनागोरिया जाने वाली ग्रामीण सड़क ब्लास्टिंग के कारण धंस गई है। करीब 10 मीटर लंबी सड़क लगभग 5 फीट गहरी और 50 मीटर चौड़े हिस्से में क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे आसपास के करीब 80 गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया है।

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। जिला परिषद सदस्य पिंकी मरांडी, समाजसेवी अंजलि पासवान और स्थानीय ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर चापापुर ओसीपी का काम बंद करा दिया।

ग्रामीणों का कहना है कि इसी रास्ते से नवोदय विद्यालय के छात्र-छात्राएं भी आवागमन करते हैं। सड़क धंसने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

वहीं ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सुरक्षा के मानकों की अनदेखी की जा रही है और ब्लास्टिंग से पहले पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। उन्होंने मांग की है कि जब तक धंसी हुई सड़क की मरम्मत नहीं की जाती, तब तक ओसीपी का काम बंद रखा जाए।