सरकार की नई ई-रजिस्ट्री प्रणाली के विरोध में बलिया में दस्तावेज लेखक और स्टाम्प विक्रेताओं ने मोर्चा खोल दिया है। बलिया के उप निबंधक कार्यालय परिसर में शुक्रवार से दस्तावेज लेखकों एवं स्टाम्प विक्रेताओं का अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू हो गया।
धरना दे रहे दस्तावेज लेखकों और स्टाम्प विक्रेताओं का कहना है कि वे लंबे समय से सरकार द्वारा जारी लाइसेंस के आधार पर अपना कार्य करते आ रहे हैं और सरकार के राजस्व व्यवस्था का अहम हिस्सा हैं। उनका आरोप है कि फ्रंट ऑफिस के माध्यम से ई-रजिस्ट्री व्यवस्था लागू होने से उनके रोजगार पर संकट खड़ा हो जाएगा।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि नई व्यवस्था से हजारों दस्तावेज लेखकों और स्टाम्प विक्रेताओं की रोजी-रोटी प्रभावित होने की आशंका है। अपनी मांगों को लेकर उन्होंने अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया है और सरकार से ई-रजिस्ट्री प्रणाली पर पुनर्विचार करने की मांग की है।
