अखिल भारतीय किसान महासभा की ओर से शुक्रवार को ताजपुर प्रखंड के बरतल्ला, चकहैदर समेत कई गांवों और खेत-खलिहानों में सदस्यता अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व किसान महासभा के प्रखंड अध्यक्ष ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह और भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
इस दौरान किसान महासभा के नेताओं ने किसानों से जुड़ी समस्याओं को उठाते हुए कहा कि आज भी कई किसानों को मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। किसान नेता ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह ने कहा कि किसानों के खेतों तक बिजली पहुंचाने की व्यवस्था जल्द की जाए, अन्यथा किसान महासभा आंदोलन करने को मजबूर होगी।
उन्होंने बताया कि आगामी 22 जून को भाकपा माले द्वारा प्रस्तावित ताजपुर थाना घेराव कार्यक्रम का किसान महासभा सक्रिय समर्थन करेगी। वहीं रद्द किए गए राशन कार्डों की पुनर्बहाली की मांग को लेकर 30 जून को प्रखंड कार्यालय पर होने वाले प्रदर्शन आंदोलन का भी महासभा समर्थन करेगी।
सदस्यता अभियान के दौरान किसानों को संगठन से जुड़ने और अपने अधिकारों के लिए एकजुट होने की अपील की गई। मौके पर मो. नसीम, रामबृक्ष राय, अरुण राय, विपीन कुमार समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
