बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में पुलिस ने मानव तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। पिपराकोठी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, इस दौरान एक महिला को सुरक्षित बरामद कर रेस्क्यू किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, पिपराकोठी थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मानव तस्करी से जुड़े कुछ लोग इलाके में सक्रिय हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने पिपराकोठी चौक पर विशेष छापेमारी अभियान चलाया और मौके से पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में राजस्थान के झुंझुनू जिले के रहने वाले मुरली मेघवाल और अजय कुमार शामिल हैं। इसके अलावा तीन महिला आरोपियों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस कार्रवाई के दौरान एक महिला को बरामद कर सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसे पैसों का लालच देकर राजस्थान ले जाने की तैयारी की जा रही थी। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसे नशीला पदार्थ खिलाया गया था।
महिला के बयान के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कथित मानव तस्करी गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
