मुहर्रम की तैयारियों को लेकर झामुमो प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को सौंपा आठ सूत्री मांगपत्र

जमशेदपुर मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पूर्वी सिंहभूम जिला समिति के वरीय पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल रविवार को उपायुक्त राजीव रंजन से मिला। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व झामुमो केंद्रीय सदस्य एवं राज्यस्तरीय 15 सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के सदस्य शेख बदरुद्दीन और केंद्रीय सदस्य प्रमोद लाल ने किया।

प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को आठ सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से मुस्लिम बहुल क्षेत्रों और कर्बला स्थलों पर विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने, मुहर्रम के दौरान 24 घंटे निर्बाध बिजली और पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई। वहीं, जल संकट वाले इलाकों में अतिरिक्त पानी के टैंकर उपलब्ध कराने की भी मांग रखी गई।

झामुमो नेताओं ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, असामाजिक तत्वों और अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखने की मांग की। इसके अलावा जुलूस के मार्गों पर बेहतर व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, यातायात नियंत्रण और प्रशासनिक निगरानी बढ़ाने की भी मांग की गई।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि मुहर्रम आपसी भाईचारे और सौहार्द का पर्व है। प्रशासन और आम लोगों के सहयोग से इसे शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराया जा सकता है। उपायुक्त राजीव रंजन ने प्रतिनिधिमंडल को आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।