पूर्वी चंपारण के बेलवतिया गांव में रातभर हाईवोल्टेज ड्रामा

पूर्वी चंपारण जिले के सुगौली थाना क्षेत्र के बेलवतिया गांव में सोमवार रात एक शादी समारोह अचानक विवाद में बदल गया। शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब विवाह की रस्मों के दौरान चढ़ाए गए गहने कथित रूप से नकली पाए गए।

जानकारी के अनुसार, विवाह समारोह में सिंदूरदान से ठीक पहले नेग की रस्म के दौरान दिए गए गहनों की जांच की गई, जिसमें लड़की पक्ष ने उन्हें नकली होने का आरोप लगाया। इसके बाद मंडप में हंगामा शुरू हो गया और दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।

मामला इतना गंभीर हो गया कि लड़की पक्ष ने शादी करने से इनकार कर दिया। वहीं, शादी में हुए खर्च की भरपाई की मांग को लेकर लड़की पक्ष के लोग अड़ गए। ग्रामीणों ने बारात को गांव में ही रोक लिया, जिसके बाद देर रात तक हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। वहीं, स्थानीय पंचायत के लोग भी मामले को सुलझाने की कोशिश में जुटे रहे।

लड़की पक्ष का आरोप है कि शादी समारोह में दिए गए गहनों को लेकर उनके साथ धोखा किया गया, जबकि दूसरी ओर से मामले को लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। फिलहाल पुलिस और पंचायत की मौजूदगी में समझौते की कोशिश जारी है।