कांवड़ यात्रा 2026: हरिद्वार पुलिस की श्रद्धालुओं से विशेष अपील, सुरक्षा नियमों का करें पालन

हरिद्वार आगामी कांवड़ यात्रा 2026 को लेकर हरिद्वार पुलिस और जिला प्रशासन ने सभी शिवभक्तों का हार्दिक स्वागत करते हुए सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन ने कहा है कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

हरिद्वार पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा के दौरान पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी सभी निर्देशों का पालन करें और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ यात्रा के दौरान जुगाड़ वाहन तथा रेट्रो (मॉडिफाइड) साइलेंसर वाले वाहनों का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से पैदल जल लेकर जाने वाले शिवभक्तों की कांवड़ की अधिकतम ऊंचाई 6 फीट तथा कांवड़ झांकी की अधिकतम ऊंचाई 10 फीट निर्धारित की है। यह निर्णय ऊंची विद्युत लाइनों से टकराने जैसी संभावित दुर्घटनाओं से बचाव और अन्य यात्रियों को असुविधा से बचाने के उद्देश्य से लिया गया है।

इसके अलावा कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं से नुकीले भाले, त्रिशूल, तलवार अथवा अन्य धारदार हथियार लेकर न चलने की अपील की गई है। पुलिस ने कहा कि सभी श्रद्धालु अनुशासन और संयम के साथ यात्रा करें ताकि यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।

हरिद्वार पुलिस ने यह भी कहा कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति, संदिग्ध गतिविधि या परेशानी होने पर तत्काल पुलिस हेल्पलाइन या ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से संपर्क करें। प्रशासन का उद्देश्य सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और मंगलमय कांवड़ यात्रा का अनुभव कराना है।