बलिया में ओमप्रकाश राजभर बनाम सपा, अखिलेश यादव पर टिप्पणी से गरमाई सियासत

 उत्तर प्रदेश के बलिया में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर और समाजवादी पार्टी (सपा) के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। अखिलेश यादव को लेकर दिए गए बयान के बाद बलिया का राजनीतिक माहौल गरमा गया है। राजभर के खिलाफ सपा कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट कर सपा प्रमुख अखिलेश यादव को नसीहत दी।

ओमप्रकाश राजभर ने अपने पोस्ट में लिखा कि, “अखिलेश जी, अपने गुंडों को संभाल लीजिए, नहीं तो योगी सरकार है, गुंडों का इलाज करना खूब आता है।” इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में नई बहस छिड़ गई है।

वहीं, राजभर के बयान के विरोध में प्रदर्शन करने वाले सपा नेता भानु दुबे ने पलटवार करते हुए कहा कि ओमप्रकाश राजभर लगातार अखिलेश यादव के खिलाफ आपत्तिजनक बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राजभर बिना तथ्यों के राजनीतिक बयान देकर माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।

भानु दुबे ने कहा कि समाजवादी पार्टी ऐसे बयानों को गंभीरता से नहीं लेती। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिस तरह लोग सुबह-शाम भगवान का नाम लेते हैं, उसी तरह ओमप्रकाश राजभर हर समय अखिलेश यादव का नाम लेते रहते हैं।

दोनों नेताओं के बीच बयानबाजी के बाद बलिया की राजनीति में माहौल गर्म है। फिलहाल इस मामले में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है और दोनों दलों के कार्यकर्ता अपने-अपने नेताओं के समर्थन में सक्रिय हैं।