भागलपुर जिले के हबीबपुर स्थित कब्रिस्तान में अंतिम संस्कार के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जनाजे की रस्म के समय खाट (जनाजा) कथित तौर पर 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई, जिससे करंट फैल गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जनाजे को कब्र में उतारने की प्रक्रिया चल रही थी, तभी ऊपर से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन से खाट का संपर्क हो गया। करंट लगते ही वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई और कई लोग इसकी चपेट में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही हबीबपुर पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को तत्काल सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। राहत की बात यह है कि चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर है और उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में कई स्थानों पर 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन काफी नीचे झूल रही है, जिससे हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया।
स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि बिजली विभाग के संबंधित कनीय अभियंता (JE) संतोष कुमार को कई बार फोन के माध्यम से सूचना देने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। हालांकि, इस संबंध में बिजली विभाग की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया अभी सामने नहीं आई है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जर्जर और नीचे लटक रही बिजली लाइनों को तत्काल दुरुस्त कराने तथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
