झारखंड के दुमका जिले के सरैयाहाट प्रखंड में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सरैयाहाट थाना क्षेत्र के बेलूडीह गांव में एक व्यक्ति पर अपनी 13 वर्षीय बेटी की हत्या करने तथा बीच-बचाव करने आए अपने चचेरे भाई पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगा है। इस घटना में बेटी की मौके पर मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल चचेरे चाचा की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, एक अन्य महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, बेलूडीह गांव निवासी हाड़ू मंडल का किसी बात को लेकर परिवार में विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान उसने अपनी 13 वर्षीय बेटी पुड़की कुमारी की बेरहमी से पिटाई की और गंभीर रूप से घायल करने के बाद उसे कुएं में फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि बच्ची को बचाने पहुंचे आरोपी के 60 वर्षीय चचेरे भाई सरजू मंडल और उनकी 26 वर्षीय बेटी बदामी देवी पर भी आरोपी ने हमला कर दिया। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान सरजू मंडल की मौत हो गई, जबकि बदामी देवी का इलाज जारी है और उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही सरैयाहाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
इस दोहरे हत्याकांड के बाद बेलूडीह गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीण इस घटना से स्तब्ध हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
