रामगढ़ ज्वेलरी शॉप डकैती कांड का खुलासा, मास्टरमाइंड गिरफ्तार; लूटे गए जेवरात बरामद

 रामगढ़ पुलिस ने रजरप्पा थाना क्षेत्र के चर्चित शिव शंकर ज्वेलरी शॉप डकैती कांड का सफल खुलासा करते हुए मुख्य साजिशकर्ता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से डकैती में लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद किए हैं। इस बड़ी सफलता के बाद पुलिस अधीक्षक ने मामले के उद्भेदन में अहम भूमिका निभाने वाले पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को सम्मानित करते हुए उन्हें पुरस्कार प्रदान किया।

पुलिस के अनुसार, 21 अप्रैल को रजरप्पा थाना क्षेत्र स्थित शिव शंकर ज्वेलरी शॉप में दिनदहाड़े करोड़ों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों की सनसनीखेज डकैती हुई थी। घटना के बाद पूरे जिले में हड़कंप मच गया था और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था।

जांच के दौरान पुलिस ने इस कांड के मुख्य साजिशकर्ता शमशेर आलम को रामगढ़ थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने उसके कब्जे से लूटे गए आभूषण बरामद किए। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटे गए शेष सामान की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

रामगढ़ पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की गई छापेमारी के आधार पर इस बहुचर्चित मामले का सफल उद्भेदन संभव हो सका। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने डकैती कांड के खुलासे में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की सराहना करते हुए उन्हें नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम की तत्परता और समन्वय के कारण इस महत्वपूर्ण मामले का सफल खुलासा हुआ है।