झारखंड के दुमका जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। हंसडीहा थाना पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल करते हुए ब्राउन शुगर की तस्करी में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह पिछले 15 दिनों के भीतर हंसडीहा थाना क्षेत्र में ब्राउन शुगर तस्करों के खिलाफ पुलिस की तीसरी बड़ी कार्रवाई है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हंसडीहा थाना क्षेत्र के पगवारा पहाड़ के पास कुछ लोग ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के लिए जुटे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और तीन नशा तस्करों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 4.49 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उस पर हत्या सहित कई गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी किस नेटवर्क के जरिए ब्राउन शुगर की तस्करी कर रहे थे और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका है।
दुमका पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा। नशा तस्करों के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए लगातार छापेमारी और निगरानी की जा रही है।
