मधुबनी जिले के कलुआही थाना क्षेत्र में महज 7 हजार रुपये के लेनदेन का विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। गेनाटोल छतबनिया गांव में एक भतीजे पर अपने ही चाचा की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि आरोपी वारदात के बाद से फरार है।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 50 वर्षीय विमल राम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रुपये के लेनदेन को लेकर चाचा और भतीजे के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान भतीजे ने विमल राम का गला दबा दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पत्नी फूलो देवी के बयान पर कलुआही थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि बेटी की शादी के समय उनके पति ने आरोपी को रुपये दिए थे, जिन्हें वापस मांगने पर दोनों के बीच विवाद हुआ और इसी विवाद में हत्या की घटना को अंजाम दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही कलुआही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर मामूली आर्थिक विवादों के हिंसक रूप लेने की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
